दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस ने लवकेश बजाज और उसके दो अन्य पार्टनर्स की तलाश के लिए कई special investigation teams का गठन किया था, जिन्होंने राजधानी के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी भी की।
गौरतलब है कि मालवीय नगर में हुए इस विनाशकारी अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की बताई जा रही है। होटल के पास स्थित एक प्रमुख अस्पताल में इलाज के लिए अफ्रीकी देशों समेत कई विदेशी मरीज और उनके परिजन आते हैं। हादसे के समय भी कई विदेशी परिवार होटल में ठहरे हुए थे, जिनमें से कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
इस हादसे के बाद एक अफ्रीकी महिला का भावुक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह अपनी बहन की मौत पर दुख और आक्रोश व्यक्त करती नजर आई। महिला ने बताया कि वह Democratic Republic of Congo से अपने परिजन के इलाज के लिए दिल्ली आई थी। अस्पताल के नजदीक होने के कारण उसने इस होटल में ठहरने का फैसला किया था, लेकिन भीषण आग ने उसकी बहन की जान ले ली।